गोपालगंज: धूल से मुक्ति, भोरे-मीरगंज पथ पर फर्राटा भरेगी विकास की रफ्तार
गोपालगंज जिले के भोरे-मीरगंज मुख्य पथ पर वर्षों से बदहाल सड़क के कारण उड़ने वाली धूल, गड्ढों और जाम की समस्या से त्रस्त लोगों के लिए अच्छी खबर है। सड़क के चौड़ीकरण व नवनिर्माण कार्य में तेजी आने के बाद क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है। निर्माण पूर्ण होने पर न केवल यात्रा सुरक्षित, सहज और तेज होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना पर कुल 113.76 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह सड़क 29.140 किलोमीटर लंबी होगी और इसे लगभग 7 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है, जिससे दोनों ओर से वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित हो सकेगी। बाजार और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कंक्रीट की ढलाई का कार्य तेजी से चल रहा है। हुस्सेपुर बाजार के पूर्वी और पश्चिमी छोर तक अधिकतर ढलाई कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना का भूमि पूजन 1 मई को भोरे विधायक सह शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने वायरलेस मोड़ पर किया था, तब से निर्माण कार्य लगातार प्रगति पर है।
सड़क निर्माण पूरा होने पर भोरे-मीरगंज पथ से जुड़े विजयीपुर, भोरे और हथुआ प्रखंड के लगभग 100 से अधिक गांवों के करीब 50 हजार से अधिक लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रमुख लाभान्वित गांवों में विजयीपुर प्रखंड के विजयीपुर, धनौती, हरिहरपुर, कौलाचक, कुटिया, अहियापुर, मुशहरी, भरपुरवा, मझवलिया, बरौली टोला, परसौनी, बनकटा, बेदारी, बहोरन छापर, चांदपुर, मटिहानी, महावीर छापर, सीरवा, बिंदवलिया, पटखौली, बैकुंठपुर सरेहा शामिल हैं।
इसी प्रकार, भोरे प्रखंड के हुस्सेपुर, लामीचौर, कोरेया, चकिया, कल्याणपुर, मिश्रबतरहा, पांडेय परसा, मजीरवा, बंशी बतरहा, सबेया, अलीचक, मांझा गोसाईं, भैरवपत्ती, कटहरिया, नोनिया छापर, बखरी, परसौनी, रामपुर चतुर्भुज भी लाभान्वित होंगे। हथुआ प्रखंड के कुसौंधी, विशुनपुरा, करमहा, हलुआ पट्टी, बानापुर, तिवारी छापर, दुलारपुर, बभनौली, सेमरिया गांवों को भी इस सड़क का सीधा लाभ मिलेगा।
यह बेहतर सड़क न केवल स्थानीय लोगों के लिए यात्रा को सुगम बनाएगी, बल्कि किसानों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी आसानी होगी। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्कूल-कॉलेज व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी काफी सुलभ हो जाएगी। बीते विधानसभा चुनाव के दौरान इस सड़क की जर्जर हालत एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनी थी और लोगों का गुस्सा चरम पर था। अब चौड़ीकरण कार्य के तेजी से आगे बढ़ने से क्षेत्र में एक सकारात्मक माहौल है। सूत्रों के अनुसार, सड़क पूरी होने पर क्षेत्र का विकास तेजी से होगा और लोगों को वर्षों पुरानी समस्याओं से स्थायी मुक्ति मिल जाएगी।
