गैंगस्टर बंटी की 4.14 लाख की संपत्ति जब्त, UP police की कार्रवाई
थाना अमांपुर क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में पुलिस ने गैंगस्टर बंटी उर्फ अजय उर्फ धर्मेंद्र की 4.14 लाख रुपये की कृषि भूमि जब्त की है। यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह संपत्ति अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से अपनी मां के नाम खरीदी थी।
पुलिस ने गांव में मुनादी कराकर संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया। जब्त की गई भूमि गाटा संख्या 360 है, जिसका क्षेत्रफल 0.077 है, और कुल क्षेत्रफल 0.090 है। यह संपत्ति गैंगस्टर की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जनता को सुरक्षा का अहसास होगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन के नेतृत्व में अमांपुर और सहावर पुलिस ने यह कार्रवाई की। सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि आरोपी बंटी के खिलाफ अमांपुर, कासगंज, सहावर, मटसैना (फिरोजाबाद) सहित विभिन्न थानों में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
