0

खेत की जुताई के पैसों को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 6 घायल (Kashganj news)

By Apr 16, 2026

सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला बाबू गांव में खेत की जुताई के पैसों को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 6 लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों ले जाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह विवाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ। गांव की रेशमा अपने खेत की ओर जा रही थी, तभी गायत्री ने उससे ट्रैक्टर से की गई जुताई के पैसे मांगे। पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें रेशमा घायल हो गई। रेशमा ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी।

तहरीर की जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के रामबाबू अपने परिवार के साथ देर रात रामवीर के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। रामवीर के भतीजे जय सिंह और श्याम सुंदर ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में रेशमा, जय सिंह, श्याम सुंदर के साथ-साथ दूसरे पक्ष के बबलू, सोनू, गायत्री और महिमा घायल हो गए।

इंस्पेक्टर सोरों लोकेश भाटी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें