0

उत्तराखंड कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान मंच पर गुटबाजी और हंगामा | uttarakhand news

By Oct 24, 2026

उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस द्वारा राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ निकाली जा रही ‘न्याय यात्रा’ के दौरान सहसपुर में उस वक्त अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब यात्रा के आगाज से पहले ही टिकट के दावेदार आमने-सामने आ गए।

सहसपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और स्थानीय दावेदार आर्येंद्र शर्मा अपने समर्थकों के साथ जुटे थे। हरक सिंह रावत के मंच पर पहुंचते ही आर्येंद्र शर्मा के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों गुटों में शक्ति प्रदर्शन की होड़ लग गई। हालात को बेकाबू होते देख वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह को बीच-बचराव करना पड़ा। इस आंतरिक कलह से खफा होकर हरक सिंह रावत कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर रवाना हो गए, जबकि बाद में प्रीतम सिंह की अगुवाई में यात्रा को आगे बढ़ाया गया।

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि एक तरफ जहां कांग्रेस सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी तरफ उसकी अपनी अंदरूनी फूट पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है। जनता से जुड़े मुद्दों पर आक्रामक तेवर दिखाने का दावा करने वाली कांग्रेस यदि आपसी खींचतान से बाहर नहीं आई, तो इसका सीधा नुकसान चुनावी मैदान में उठाना पड़ सकता है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें