कानपुर देहात में क्रोमियम प्रदूषण का असर, 29 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए (Kanpur news)
कानपुर देहात के रनिया औद्योगिक क्षेत्र के खानचंदपुर में डंप किए गए क्रोमियम कचरे के कारण भूजल दूषित होने से स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। करीब 90 हजार मीट्रिक टन क्रोमियम कचरा डंप होने से खानचंदपुर और इसके मजरों के लगभग 7,000 लोग प्रभावित हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीणों की सेहत की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया है।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को खानचंदपुर के मजरा पालनपुरवा में 29 लोगों के खून के नमूने संकलित किए। यह अभियान क्रोमियम प्रभावित क्षेत्रों में दूसरे दिन भी जारी रहा। इससे पहले, गत 2 दिसंबर को 152 लोगों के खून के नमूने जांच के लिए लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज भेजे गए थे।
जांच रिपोर्ट में इन सभी लोगों के खून में क्रोमियम की मात्रा मानक से अधिक पाई गई थी, जबकि चार लोगों के नमूनों में क्रोमियम के साथ-साथ मरकरी की मात्रा भी सामान्य से अधिक मिली थी। इन गंभीर निष्कर्षों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित लोगों के खून की दोबारा जांच कराने का फैसला किया है। पीएचसी रनिया के प्रभारी डॉ. विशाल भसीन के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम ने यह नमूना संकलन किया। उन्होंने बताया कि अभी अन्य मजरों और खानचंदपुर से भी नमूने लिए जाने हैं, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा।
