दहेज उत्पीड़न: पुलिस ने नहीं सुनी तो कोर्ट पहुंची पीड़िता, पति समेत 4 पर FIR दर्ज
अतर्रा थानाक्षेत्र के ग्राम एचवारा निवासी रामनरेश वर्मा ने अपनी पुत्री सोना की शादी 20 मई 2021 को ओरन के ग्राम मरौली निवासी लवकुश वर्मा के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति लवकुश, सास श्यामकली, ससुर मुन्ना और देवर महेश अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये और एक भैंस की मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर उन्होंने पुत्री के साथ मारपीट, भोजन न देने जैसी प्रताड़ना शुरू कर दी। पुत्री ने ससुराल वालों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की जानकारी मायके जाने पर अपने स्वजन को दी। जिसके बाद स्वजन ने ओरन पुलिस चौकी में शिकायत की। पुलिस चौकी में ससुराल वालों ने दोबारा मारपीट न करने की बात कह आपसी समझौता कर लिया, लेकिन कुछ दिन बाद फिर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने लगे।
बीते 18 जुलाई 2025 को पति व अन्य ससुराल वालों ने पुत्री के साथ मारपीट करते हुए उसे मरणासन्न कर दिया। पड़ोसियों द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर पिता ससुराल पहुंचे और पुत्री को घायलावस्था में रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज में भर्ती कराकर उपचार कराया। इसके बाद बिसंडा पुलिस समेत उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़ित ने सिविल न्यायालय में वाद दायर किया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पति, सास, ससुर व देवर के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
