धर्मेंद्र की पुरानी तस्वीर पर बवाल, ट्रोलर्स ने फिर घेरा अभिनेता को
बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र, जो हमेशा चर्चाओं में रहे हैं, एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में उनकी एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसने नेटिज़न्स के बीच खलबली मचा दी है। इस तस्वीर में धर्मेंद्र एक ईरानी डांसर के साथ दिखाई दे रहे हैं, जिसमें वह डांसर को पीछे से पकड़े हुए हैं और डांसर ने अपने हाथ धर्मेंद्र के गले में डाले हुए हैं। तस्वीर में दोनों का पोज़ काफी आपत्तिजनक लग रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं कि धर्मेंद्र जैसे वरिष्ठ अभिनेता ने ऐसे पोज़ के लिए कैसे सहमति दी।
यह तस्वीर रेडिट पर साझा की गई, जिसके बाद कमेंट सेक्शन में धर्मेंद्र की आलोचनाओं की बाढ़ आ गई। एक सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, “धऱम पाजी उस समय ग्रेड-ए ठरकी थे, लेकिन अपनी अच्छी सूरत के चलते बच निकलते थे।” वहीं, एक अन्य ने कहा, “और फिर वह घर पर अपनी बेटियों को स्लीवलेस टॉप या शॉर्ट्स पहनने की इजाजत नहीं देते थे।” एक तीसरे यूजर ने तो यहां तक लिख दिया, “ठीक इसी वजह से। क्योंकि वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनसे वह अपनी बेटियों को आकर्षित नहीं करवाना चाहते। असुरक्षा की भावना साफ झलकती है।”
यह पहली बार नहीं है जब धर्मेंद्र विवादों में फंसे हों। उनका निजी जीवन हमेशा से ही सुर्खियों में रहा है। धर्मेंद्र ने दो बार शादी की है। उनकी पहली शादी प्रकाश कौर से हुई थी, जिनसे उनके चार बच्चे हैं: सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजिता। बाद में, धर्मेंद्र ने 1980 में हेमा मालिनी से दूसरी शादी की, जबकि वह अपनी पहली पत्नी के साथ विवाहित थे। इस जोड़े के दो बेटियां हुईं, ईशा और अहाना। हेमा मालिनी के साथ धर्मेंद्र का यह रिश्ता उस समय काफी असामान्य था और लंबे समय तक मीडिया में चर्चा का विषय बना रहा।
सिमी गरेवाल के टॉक शो ‘Rendezvous With Simi Garewal’ में हेमा मालिनी ने खुलासा किया था कि धर्मेंद्र अपनी बेटियों, ईशा देओल और अहाना देओल को पारंपरिक परिधानों में ही देखना पसंद करते थे। ईशा देओल ने भी याद करते हुए बताया था कि कैसे उन्हें धर्मेंद्र को धीरे-धीरे फिल्मों में आने के अपने फैसले के लिए राजी करना पड़ा था, क्योंकि वह गुस्सा हो जाते थे। ईशा ने यह भी बताया था कि उनके पिता धर्मेंद्र काफी पजेसिव थे और उन्हें घर पर ही रहने के लिए कहते थे। ईशा ने यह भी जिक्र किया था कि उनकी परवरिश पंजाबी पृष्ठभूमि से हुई है, और केवल उनकी मां के कारण ही वे खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भाग ले पाईं।
