धनुष-कृति की ‘तेरे इश्क में’ की तूफानी एडवांस बुकिंग, रिलीज से पहले कमाए करोड़ों
साल 2025 की सबसे बड़ी रोमांटिक फिल्मों में शुमार, आनंद एल राय द्वारा निर्देशित ‘तेरे इश्क में’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म से पहली बार दर्शक कृति सेनन और धनुष की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखेंगे। ‘सैयारा’ के बाद यह इस साल की दूसरी सबसे बड़ी रोमांटिक फिल्म मानी जा रही है, जिसका ट्रेलर दर्शकों को खूब पसंद आया है। पैन इंडिया रिलीज होने वाली इस फिल्म से उम्मीदें काफी ऊंची हैं।
फिल्म की एडवांस बुकिंग बुधवार को शुरू हुई और इसने रिलीज से पहले ही अच्छी खासी कमाई कर ली है। सूत्रों के अनुसार, रिलीज से एक दिन पहले गुरुवार रात तक ‘तेरे इश्क में’ के 1 लाख 92 हजार से अधिक टिकट ऑनलाइन बिक चुके थे। इनमें से हिंदी में 1,68,608 टिकटों की बिक्री हुई, जबकि तमिल में लगभग 23,789 टिकटें बिकीं। इस जबरदस्त एडवांस बुकिंग से फिल्म ने रिलीज से पहले ही लगभग 4.46 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
‘तेरे इश्क में’ को हिंदी में 12,520 शोज मिले हैं, वहीं तमिल में 1058 शोज आवंटित किए गए हैं। दोनों भाषाओं को मिलाकर नेशनल चेन में फिल्म को कुल 13,578 शोज मिले हैं। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों और फिजिकली टिकट खरीदने वाले दर्शकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘तेरे इश्क में’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 25 से 35 करोड़ रुपये के बीच की ओपनिंग ले सकती है।
फिल्म के ट्रेलर को मिले सकारात्मक रिस्पांस को देखते हुए, उम्मीद है कि यह हिंदी में 10 से 12 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल कर लेगी। वहीं, धनुष की दक्षिण भारतीय सिनेमा में मजबूत फैन फॉलोइंग को देखते हुए, यह माना जा रहा है कि फिल्म तमिल में 15 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर सकती है। कुल मिलाकर, ‘तेरे इश्क में’ की ओपनिंग 25 से 35 करोड़ रुपये तक जा सकती है। यदि फिल्म पहले दिन 25 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेती है, तो यह ‘सैयारा’ के ओपनिंग कलेक्शन रिकॉर्ड को भी तोड़ देगी, जिससे यह साल की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली दूसरी फिल्म बन जाएगी।
