आधार कार्ड लेने घर से निकला युवक, सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
पश्चिम चंपारण के बगहा नगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक मेघा राम की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने रात में ही घटनास्थल से शव को बरामद कर लिया था, लेकिन दुर्घटना के समय आसपास कोई मौजूद न होने के कारण मृतक की पहचान करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन से मिले नंबरों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास शुरू किया। सोमवार की सुबह, पुलिस द्वारा मेघा राम के पिता महेंद्र राम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पुत्र मेघा राम के शव की पहचान की। मेघा राम पिपरिया गांव निवासी महेंद्र राम का पुत्र था और वह सिकंदराबाद में मजदूरी करने जाने की तैयारी कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले मेघा राम अपनी बड़ी बहन के घर झिमरी नौतनवा से पटखौली थाना क्षेत्र के डुमवलिया स्थित प्रमोद राम के घर पहुंचा था। वहां उसने अपना मोबाइल चार्ज पर लगाया और बहन से खाने के लिए कुछ बनाने को कहा। उसने बताया कि वह सिकंदराबाद काम पर जाने की तैयारी कर रहा है और उसका आधार कार्ड घर पर छूट गया है, जिसे वह लेने जा रहा है। इतना कहकर वह घर की ओर निकल गया, लेकिन वापस नहीं लौटा और रास्ते में ही काल का ग्रास बन गया।
सुबह जब परिजनों को दुर्घटना की सूचना मिली तो वे अस्पताल पहुंचे। जहां मेघा राम का शव देखकर सभी बदहवास हो गए। पिता महेंद्र राम ने बताया कि उनका बेटा आधार कार्ड लेने घर जा रहा था, इसी बीच वह इस दुर्घटना का शिकार हो गया। पुलिस फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच में जुटी है और घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
