दिल्ली डबल मर्डर केस: पूर्व केयरटेकर ने ‘Crime Patrol’ देखकर की थी बुजुर्ग दंपती की हत्या, ऐसे हुआ खुलासा
दिल्ली के रामनगर में बुजुर्ग दंपती वीरेंद्र बंसल और उनकी पत्नी की हत्या का मामला सुलझ गया है। शाहदरा जिला पुलिस ने खुलासा किया है कि हत्या उनके बेटे ने नहीं बल्कि पूर्व केयरटेकर ने की थी। पुलिस ने आरोपित पूर्व केयरटेकर नांगलोई निवासी अशोक कुमार सेन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसकी माली हालत ठीक नहीं थी और वह घर का किराया भी नहीं दे पा रहा था। उसने ‘क्राइम पेट्रोल’ का एक एपिसोड देखकर घर में लूटपाट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपित के पास से लूटे गए बुजुर्ग महिला के करीब आठ लाख रुपये के गहने भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात 12:30 बजे मानसरोवर पार्क थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर में घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी गई है। दंपती के बेटे ने बताया कि वह जिम ट्रेनर है और शाम को जिम गया था। रात को घर लौटने पर उसने माता-पिता को मृत पाया। दंपती की बेटी ने दावा किया था कि उनकी मां के गहने गायब हैं। पुलिस ने हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम बनाई गई।
जांच टीम ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एक फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया, जिसने चेहरे पर मास्क व चश्मा लगाया हुआ था। पुलिस ने फुटेज के जरिये एक रूट बनाया। फुटेज में संदिग्ध पायजामा पहने हुए था। जांच में पता चला कि अगस्त 2025 में बुजुर्ग दंपती की तबीयत खराब होने पर एक निजी कंपनी के जरिये अशोक कुमार सेन नाम के केयरटेकर को रखा गया था। तबीयत ठीक होने के बाद केयरटेकर को हटा दिया गया था। पुलिस उसके घर पहुंची तो उसकी पत्नी मिली। उसने बताया कि पति मोबाइल फोन घर पर रखकर राजस्थान में तीर्थ यात्रा पर गए हैं।
पुलिस ने आरोपित की पत्नी से उसका मोबाइल फोन लिया और फोटो देखे। एक फोटो में अशोक कुमार सेन वही पायजामा पहने हुआ था, जो बुजुर्ग दंपती के घर से निकलने वाले संदिग्ध ने पहना था। पुलिस ने राजस्थान में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले छह माह से बेरोजगार था और आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसने लूट की योजना बनाई। उसे पता था कि बुजुर्ग किस वक्त घर पर अकेले रहते हैं। जब वह दंपती के घर गया तो महिला बुजुर्ग ने दरवाजा खोला। मौका मिलते ही उसने उनका गला दबा दिया। सेवानिवृत्त शिक्षक ने जब पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह कमरे से बाहर आए। उनके विरोध करने पर उसने रसोई से प्रेशर कुकर उठाकर उनके चेहरे पर वार किया और बाद में उनकी भी गला दबाकर हत्या कर दी।
दिल्ली में आधी रात बुलडोजर एक्शन: फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण गिराए, पथराव में पुलिसकर्मी घायल
मिर्गी के मरीजों को बड़ी राहत, दिल्ली एम्स में फ्री होगी थेरेप्यूटिक ड्रग मॉनिटरिंग जांच
दिल्ली: अबुल फजल और शाहीनबाग में दो महीने से नाले का पानी, 3 लाख लोग परेशान | Delhi water logging
यमुना प्रदूषण: नालों का होगा अध्ययन, नजफगढ़ नाले से 70% गंदगी का खुलासा
