भागलपुर में पुलिस पर जानलेवा हमला: शराब पी रहे बदमाशों ने सिपाहियों को दांत से काटा, 3 घायल
भागलपुर के नाथनगर में शराब पी रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। ललमटिया पुलिस ने नसरतखानी इलाके में एक मुर्गी फार्म पर छापा मारा था, जहां शराब पार्टी चल रही थी। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक हत्या के मामले में भी शामिल था।
देर रात नसरतखानी इलाके के लीची बगीचा के पीछे मुर्गी फार्म के पास यह घटना घटी। बताया जाता है कि जिस समय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, उस समय मात्र चार पुलिस कर्मी थे और शराब पी रहे बदमाशों की संख्या आठ थी। जैसे ही पुलिस टीम ने शराब पी रहे बदमाशों को पकड़ा तो उन लोगों ने हमला कर जबरन छुड़ा लिया। इस दौरान उन लोगों ने सिपाहियों को दांत काट लिए और काढ़ा या लोहे की किसी वस्तु से हमला कर सिर फोड़ दिया।
दोबारा पुलिस की टीम बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंची और दो बदमाशों को दो बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुमन यादव और कुमार गौरव के रूप में हुई है। गिरफ्तार सुमन यादव वर्ष 2022 में ललमटिया इलाके में हुई हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त था और उस पर आर्म्स एक्ट का भी केस दर्ज है। पुलिस घटना में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
