डोनल बिष्ट का अभिषेक बजाज संग नाम जुड़ने पर गुस्सा, बोलीं- ‘अफवाहें बर्दाश्त नहीं करूंगी’
छोटे पर्दे की जानी-मानी अभिनेत्री डोनल बिष्ट ने हाल ही में बिग बॉस 19 के पूर्व प्रतिभागी अभिषेक बजाज के साथ अपने कथित अफेयर की खबरों पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इंटरनेट पर तेजी से फैल रही इन अफवाहों पर डोनल ने कड़ा रुख अपनाया है और इन्हें सिरे से खारिज कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बजाज की पूर्व पत्नी द्वारा लगाए गए विवाहेतर संबंध के आरोपों के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि डोनल बिष्ट के साथ उनके रिश्ते के कारण ही अभिषेक की शादी टूटी है। इन खबरों से आहत डोनल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी साझा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने लिखा, ‘मैं शहर से बाहर शूट कर रही थी और इस मामले को देखने की स्थिति में नहीं थी। मुझे बस इतना कहना है कि मेरे नाम को अनावश्यक बेकार की बातों में घसीटना बंद करें। अगर सच्चाई नहीं पता है, तो कमेंट न करें। अफवाहें न फैलाएं, क्योंकि मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगी।’
डोनल बिष्ट ने आगे चेतावनी देते हुए कहा, ‘मुझ पर कोई भी झूठा आरोप लगाने या बदनाम करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मैं अब इससे तंग आ चुकी हूं। मैंने सालों मेहनत करके अपना नाम बनाया है। मैं एक सम्मानित परिवार से हूं। मैं यहां काम करने आई हूं, किसी और की जिंदगी के ड्रामा का हिस्सा बनने नहीं। मैं इस इंडस्ट्री में कला के प्रति अपने प्यार के लिए हूं। कृपया, मुझे इन सब झूठी कहानियों से दूर रखें।’
डोनल बिष्ट, जो बिग बॉस सीजन 15 का भी हिस्सा रह चुकी हैं, एक लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते, उनके नाम को इस तरह की अटकलों में घसीटना उन्हें असहज कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह अपनी पेशेवर जिंदगी पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं और किसी भी प्रकार की नकारात्मकता या झूठी कहानियों में नहीं पड़ना चाहतीं।
