0

देहरादून: दिलाराम चौक से ‘गजीबो’ हटा, सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों पर प्राधिकरण ने दी सफाई

By Nov 27, 2025

देहरादून के दिलाराम चौक से एक ‘गजीबो’ को हटाए जाने का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। वीडियो में ‘गजीबो’ को हटाते हुए दिखाया गया था, जिसके बाद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सालभर पहले लाखों रुपये खर्च कर पर्वतीय शैली में निर्मित इस संरचना को तोड़कर जनता के साथ छल किया जा रहा है।

हालांकि, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने इन आरोपों का खंडन करते हुए स्पष्टीकरण जारी किया है। प्राधिकरण के अनुसार, ‘गजीबो’ को तोड़ा नहीं जा रहा है, बल्कि इसे स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास कार्य के लिए स्थानांतरित किया जा रहा है। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह भ्रामक और तथ्यहीन है।

तिवारी ने बताया कि उनके संज्ञान में यह वीडियो आया है, जिसमें ‘गजीबो’ को तोड़े जाने की गलत सूचना फैलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि दिलाराम चौक क्षेत्र में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बड़े पैमाने पर सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। इसी परियोजना के चलते ‘गजीबो’ को सुरक्षित रूप से हटाकर राजपुर पार्क में स्थापित किया जाएगा।

एमडीडीए उपाध्यक्ष ने आगे कहा कि राजपुर पार्क में ‘गजीबो’ को स्थापित करने के बाद यह आम जनमानस के लिए बैठने, विश्राम करने और सेल्फी लेने के एक बेहतर स्थान के रूप में उपयोग होगा। प्राधिकरण का मानना है कि इस स्थानांतरण से ‘गजीबो’ का उपयोग और अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार और पारदर्शी बताया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें