CUSB में पीएचडी प्रवेश: ST/SC छात्रों के लिए 26 नवंबर तक आवेदन का मौका
केंद्रीय दक्षिण बिहार विश्वविद्यालय (CUSB) में पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्र अब 26 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने कुल 80 पीएचडी सीटों के लिए एक विशेष प्रवेश अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में इन वंचित समुदायों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्रदान करना है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने बताया कि यह विशेष प्रवेश अभियान समाज के उन वर्गों को आगे लाने के लिए चलाया जा रहा है, जिन्हें ऐतिहासिक रूप से अवसरों की कमी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने इस पहल को समावेशी शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पीएचडी में नामांकन के लिए कुल 80 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें 39 सीटें अनुसूचित जाति, 27 सीटें अनुसूचित जनजाति और 14 सीटें दिव्यांग अभ्यर्थियों (क्षैतिज आरक्षण) के लिए आरक्षित हैं। प्रवेश प्रक्रिया मुख्य रूप से राष्ट्रीय पात्रता परीक्षाओं जैसे नेट, जेआरएफ, गेट, जीपैट आदि के अंकों के आधार पर होगी।
जिन उम्मीदवारों ने यूजीसी-नेट, यूजीसी-सीएसआईआर नेट, गेट, जीपैट, सीईईडी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में फेलोशिप या छात्रवृत्ति के लिए योग्यता प्राप्त की है, वे यूजीसी (पीएचडी डिग्री प्रदान करने के लिए न्यूनतम मानक और प्रक्रिया) विनियम, 2022 के अनुसार सीधे साक्षात्कार के आधार पर पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। साक्षात्कार का वेटेज 100 प्रतिशत होगा। यह स्पष्ट किया गया है कि जून 2024 से पहले केवल नेट उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार आवेदन के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
विश्वविद्यालय ने कुल 19 विभिन्न विषयों में पीएचडी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी 26 नवंबर तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश पोर्टल https://cusbadm.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
प्रवेश प्रक्रिया का अगला चरण 28 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दस्तावेज़ सत्यापन, वाक-इन-साक्षात्कार और अस्थायी रूप से चयनित अभ्यर्थियों द्वारा प्रवेश शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शामिल होगी। पीएचडी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन शुल्क अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
