आगरा के खेत में मगरमच्छ का रेस्क्यू, चंबल नदी में छोड़ा गया
आगरा के बाह क्षेत्र के चांगौली गांव में एक मगरमच्छ ने ग्रामीणों और वन विभाग की टीम को चार दिनों तक खूब छकाया। तालाब क्षेत्र के पास घूम रहे मगरमच्छ का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा था, लेकिन शुरुआत में वन विभाग को उसके सही स्थान का पता नहीं चल पा रहा था।
सुबह करीब 9:30 बजे वन विभाग को चांगौली गांव स्थित तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ तालाब से निकलकर खेतों की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही प्रभागीय निदेशक राजेश कुमार ने बाह रेंज की टीम को तत्काल मौके पर भेजा।
क्षेत्रीय वन अधिकारी बाह अमित कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मगरमच्छ के लगातार अपनी जगह बदलने के कारण उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद टीम मगरमच्छ को पकड़ने में सफल रही।
पकड़े गए मगरमच्छ को राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के केंजरा घाट में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस रेस्क्यू अभियान में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, वन दरोगा शिवम यादव, अमन चौधरी, वनरक्षक विमल द्विवेदी और धर्मेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। इस घटना ने स्थानीय लोगों में चिंता पैदा कर दी थी, लेकिन सफल रेस्क्यू से राहत मिली है।
