कफ सीरप घोटाला: मुख्य आरोपी शुभम भूमिगत, ED ने आर्पिक फार्मा संचालक को भेजा समन
कफ सीरप सिंडिकेट के मुख्य आरोपी शुभम ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होने से इनकार कर दिया है। सोमवार को ईडी के अधिकारी लखनऊ दफ्तर में उसका इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं आया। सूत्रों के अनुसार, शुभम गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गया है और उसने पेश होने के लिए कुछ समय मांगा है।
इस बीच, ईडी ने मामले में एक अन्य महत्वपूर्ण कड़ी, आर्पिक फार्मा के संचालक मनोहर लाल जायसवाल को मंगलवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। जायसवाल पर अपनी सहयोगी कंपनी इधिका साइंसेस के साथ मिलकर कई राज्यों में अवैध कफ सीरप की बड़ी मात्रा सप्लाई करने का आरोप है। ईडी ने हाल ही में अहमदाबाद और लखनऊ स्थित उसके ठिकानों पर छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए थे।
जांच को आगे बढ़ाते हुए, सरकार द्वारा गठित स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार आरोपियों अमित टाटा और बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह से पूछताछ पूरी कर ली है। एसटीएफ ने पूछताछ में मिली अहम जानकारियों को ईडी के साथ साझा किया है। पूछताछ में सिंडिकेट से जुड़ी 14 और फर्मों के नाम सामने आए हैं। अब तक की जांच में 300 से अधिक फर्जी फर्मों की जानकारी मिली है, जिनका इस्तेमाल अवैध कमाई को खपाने के लिए किया जा रहा था। ईडी और एसटीएफ सिंडिकेट के नेटवर्क की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
