उत्तराखंड को CM धामी का बड़ा तोहफा, 183.97 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए कुल 183.97 करोड़ रुपये की एक बड़ी धनराशि मंजूर की है। इस स्वीकृति में सड़क, रोपवे, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
इस मंजूरी के तहत, मसूरी और रानीबाग (काठगोदाम) से नैनीताल मार्ग पर रोपवे निर्माण के फिजिबिलिटी अध्ययन के लिए 3.30 करोड़ रुपये दिए गए हैं। यमनोत्री बड़कोट-पौंटी मोटर मार्ग के डामरीकरण और हेलीपैड की बाउंड्री निर्माण के लिए 1.89 करोड़, हरिद्वार के मंगलौर-रुड़की आवासीय परियोजना में मार्ग निर्माण के लिए 2.49 करोड़, और राजकीय मेडिकल कालेज, रुद्रपुर के निर्माण कार्यों के लिए 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, नगर पंचायत गूलरभोज क्षेत्र के कोपा स्थित श्मशान घाट के निर्माण व नवीनीकरण के लिए 80 लाख, नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में एबीसी सेंटर के निर्माण को 2.68 करोड़, और क्लस्टर विद्यालय योजना के अंतर्गत देहरादून व टिहरी जनपदों के तीन विद्यालयों के निर्माण कार्यों के लिए 5.46 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड के अंतर्गत शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के निर्माण के लिए 107.35 करोड़ की स्वीकृति दी है। साथ ही, राज्य के सभी जनपदों में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय परिसरों में वीसी संसाधनों के माध्यम से साक्षियों की परीक्षा कराने के लिए 21 जनरेटर खरीदने हेतु 15.55 करोड़ और ऊधम सिंह नगर के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में बिगराबाग से चकरपुर तक मार्ग को उच्चीकृत कर डेढ़ लेन किए जाने के लिए 9.45 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है। इन पहलों से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
