सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख की ठगी, HPSC का नाम लेकर फंसाया; पुलिस जांच में जुटी
फरीदाबाद में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। गांधी कॉलोनी निवासी सुरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके दामाद शुभम वर्मा ने HPSC में नौकरी के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात ग्रेटर फरीदाबाद निवासी मनोज से हुई, जिसने HPSC में जानकार होने का दावा किया। मनोज ने सुरजीत को दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में विवेक त्रिपाठी से मिलवाया। विवेक ने शुभम की नौकरी लगवाने के लिए 30 लाख रुपये की मांग की और दावा किया कि उसने पहले भी कई लोगों को बड़े पदों पर लगवाया है।
सुरजीत ने आरोपियों के बताए खाते में 30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब नौकरी नहीं लगी, तो सुरजीत ने दबाव बनाया। आरोपियों ने 18 लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन 12 लाख रुपये लौटाने से साफ मना कर दिया। रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने अब दोनों आरोपियों मनोज और विवेक त्रिपाठी के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
