चुनाव ड्यूटी से लौटे ITBP जवान ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को मारी गोली, मौत
बिहार के गया जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव के रहने वाले आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवान गौतम कुमार यादव ने चुनाव ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली। 33 वर्षीय गौतम कुमार यादव आईटीबीपी की 36वीं बटालियन में तैनात थे और हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए बेतिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के कोहड़ा इंटर स्तरीय स्कूल में रुके हुए थे।
जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार यादव का पैतृक घर गया में है, लेकिन उनका पूरा परिवार झारखंड के धनबाद जिले में रहता है। रविवार को उनकी कंपनी को बटालियन के लिए वापस रवाना होना था। इसी बीच, शनिवार दोपहर को गौतम ने कथित तौर पर विद्यालय की छत पर जाकर अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस घटना से गौतम के पैतृक गांव अकबरपुर और धनबाद में रह रहे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके स्वजन को सूचना मिलते ही वे बेतिया के लिए रवाना हो गए हैं।
गौतम कुमार यादव के इस कदम से सभी हैरान हैं और कोई भी इसके पीछे के कारणों को समझ नहीं पा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। सूत्रों के अनुसार, शव को पैतृक गांव लाया जा सकता है, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
