अलीगढ़ में सुनार से लूट का मामला, एक आरोपी गिरफ्तार; Aligarh crime news
अलीगढ़ में चार दिन पहले सुनार से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दादों थाना पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई रकम और अवैध हथियार बरामद किया है।
दरअसल, चार दिन पहले दादों क्षेत्र के रामनगर निवासी एक सुनार शाम को अपनी दुकान बंद करके कार से गांव जा रहे थे। हुसैनपुर रोड पर मजार के पास अज्ञात लुटेरों ने उनकी गाड़ी रोककर जेवरात और अन्य सामान लूट लिया था। इस संबंध में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को दादों पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम ने गौरव चौधरी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी गौरव पर अलीगढ़ और बुलंदशहर में पहले से ही पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से 9200 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
छर्रा क्षेत्राधिकारी संजीव तोमर ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। लूट की घटना को अंजाम देने वाले बाकी फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
