आगरा में ‘दृश्यम’ जैसा केस: पत्नी ने बाथरूम में खुद खोदी पति की कब्र, हत्या कर सीमेंट से ढका शव
आगरा के रेणुका धाम कॉलोनी में एक पत्नी पर अपने पति की निर्मम हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इस घटना ने मेरठ के चर्चित ‘नीले ड्रम’ हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं, लेकिन इस बार शव को नीले ड्रम के बजाय बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाया गया। आरोपी पत्नी रूबी ने कथित तौर पर अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाया, और मौत के बाद शव को बाथरूम में खोदकर दफना दिया।
46 दिन तक चला पत्नी का धोखा
मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी और दो बेटियों के साथ आगरा में रहते थे। 18 मई को सुरेंद्र के लापता होने की सूचना पत्नी ने दी और गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। इस दौरान, पत्नी ने पुलिस जांच में सहयोग का दिखावा किया, जबकि वह जानती थी कि पति का शव घर में ही दफन है। सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा को शक होने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बाथरूम की खुदाई कराई गई और कंकाल बरामद हुआ।
पेंशन के विवाद से खुला राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी रूबी ने बताया कि पति की मौत के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए बाथरूम का फर्श तुड़वाकर मिट्टी डलवाई, शव दबाया और फिर नया सीमेंट का फर्श बनवा दिया। पुलिस के अनुसार, परिवार की पेंशन का पैसा रूबी के पास रहता था। इस बार जेठ को पेंशन नहीं मिली तो बैंक जाकर पता चला कि पेंशन आ चुकी है। इसी बात पर हुए विवाद के दौरान रूबी के मुंह से हत्या की बात कबूल हो गई।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
आगरा के डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पत्नी पर पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाने का आरोप है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और भी शामिल था या नहीं। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने ‘रियल लाइफ दृश्यम’ की याद दिला दी है, जहां हत्या के बाद शव को घर में ही छिपा दिया जाता है।
