गंजडुंडवारा में सुविधाओं को बेहतर बनाने पर मंथन, विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित
गंजडुंडवारा नगर पालिका की बोर्ड बैठक में कस्बे के विकास कार्यों को गति देने के लिए गहन मंथन किया गया। नगर पालिकाध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में, सभासदों ने विभिन्न विकास प्रस्तावों पर अपनी सहमति जताते हुए उन्हें पारित कर दिया।
बैठक के दौरान, सभासदों ने नगर की पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की उपलब्धता, साफ-सफाई की स्थिति और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अपने-अपने वार्डों में तत्काल कराए जाने वाले विकास कार्यों की मांग भी रखी। इस पर एसडीएम व प्रभारी अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर हुसैन ने सभासदों से नगर के समग्र विकास को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने पर जोर दिया गया। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस बैठक में लेखाकार श्रीकांत शर्मा, कैशियर गंगा प्रसाद शाक्य, तथा सभासद धर्म कुमारी, मनोज कुमार, अब्दुल रहमान, स्लीमन, सहाना, अब्दुल कादिर, रूबी बेगम, ललित वर्मा, कृष्ण कुमार, अनिल वर्मा, गौरव गुप्ता, आले इमरान सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
