नोएडा में CBI का बड़ा एक्शन: अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश, 8.5 मिलियन डॉलर की ठगी में 6 गिरफ्तार
सीबीआई ने नोएडा में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर क्राइम नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। ये ठग ग्रेटर नोएडा के बीटा दो और नॉलेज पार्क थाना क्षेत्रों से अपना नेटवर्क संचालित कर रहे थे। जांच एजेंसी ने इनके पास से 1.88 करोड़ रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप और 34 अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
यह गिरोह पिछले तीन सालों से सक्रिय था और अमेरिकी नागरिकों को निशाना बना रहा था। इन पर 8.5 मिलियन डॉलर की ठगी का आरोप है। ठगी की गई रकम को ये वर्चुअल एसेट्स और अंतरराष्ट्रीय बैंक ट्रांसफर के जरिए एक देश से दूसरे देश भेज रहे थे। यह कार्रवाई सीबीआई के ‘ऑपरेशन चक्र’ के तहत एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
सीबीआई को यह इनपुट अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई से मिला था कि दिल्ली, नोएडा और कोलकाता में बैठकर कुछ साइबर ठग अमेरिकी नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। ये ठग खुद को एफबीआई, ड्रग एनफोर्समेंट और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन जैसी एजेंसियों के अधिकारी बताते थे। वे पीड़ितों को उनके सोशल सिक्योरिटी नंबर के दुरुपयोग और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे लाखों डॉलर, क्रिप्टो करेंसी या विदेशी बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान शुभम सिंह, डाल्टनलियन, जार्ज टी. ज़ामलियनलाल, एल. सेइमिनलन हाओकिप, मंगखोलुन और राबर्ट थांगखान्खुआल के रूप में हुई है। पुलिस अब इनके बैंक खातों और संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
