भिवाड़ी में गौतस्करों से मुठभेड़: चार गिरफ्तार, पिकअप गाड़ी जब्त
रविवार की सुबह भिवाड़ी में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस और गौतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। सूत्रों के अनुसार, गौतस्कर गौरव पथ स्थित सब्जी मंडी के पास से गायों को उठाकर नूंह की ओर ले जा रहे थे। गौरक्षकों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने डीटीओ ऑफिस के समीप पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की और बचने के लिए पुलिस पर गोलियां चला दीं।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चतुराई से मुकाबला किया और चारों गौतस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हड़बड़ाहट में भागते समय कुछ तस्करों को चोटें भी आईं, जिनका इलाज कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक पिकअप गाड़ी भी जब्त की है, जिसमें से दो गायों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह पिकअप किशनगढ़बास के गांव मोठूका से एक सप्ताह पूर्व चोरी हुई थी।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नूंह जिले के अड़बर गांव निवासी राहुल, टाई गांव निवासी सोहिल, सूडाका निवासी अनीश और तारीफ के रूप में हुई है। गिरफ्तार राहुल के खिलाफ नूंह, रेवाड़ी व कोसली सहित अन्य थानों में चोरी, नकबजनी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, तारीफ के विरुद्ध दो और अनीश के विरुद्ध एक आपराधिक मामला दर्ज है।
भिवाड़ी फेज थर्ड पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने बताया कि पुलिस इन तस्करों के नेटवर्क, गायों के परिवहन के रूट और उनके पुराने आपराधिक मामलों से संबंधों की गहनता से जांच कर रही है। इस कार्रवाई से गौतस्करी के रैकेट का खुलासा होने की उम्मीद है।
