भागलपुर में धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक थैला मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला माहौल
भागलपुर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में पीतांबर चौक के पास स्थित एक धार्मिक स्थल पर बुधवार रात एक आपत्तिजनक वस्तु से भरा थैला मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना के पीछे शरारती तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की मंशा बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने एक थैले में आपत्तिजनक वस्तु देखी। इस सूचना पर तुरंत समाज के लोग इकट्ठा हो गए। तत्काल कार्रवाई करते हुए, पुजारी ने थैले को मंदिर परिसर से बाहर रखवाया और मंदिर की साफ-सफाई व शुद्धीकरण करवाया।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय और ललमटिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने थैले को जब्त कर लिया है और शरारती तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही है। पुलिस ने लोगों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष बलबीर के अनुसार, एक धार्मिक स्थल के पास संदिग्ध थैले की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में थैला खाली पाया गया। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सामान्य बनी हुई है।
पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग से शरारती तत्वों के एक समुदाय विशेष को निशाना बनाने और क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश नाकाम हो गई। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
