बुर्का पहनकर आई महिला ने युवक संग की सोने की चेन चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
पीलीभीत के पूरनपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब बुर्का पहने एक महिला और उसके साथी युवक ने ज्वैलर्स की दुकान से लाखों रुपये की सोने की चेन पार कर दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही है।
घटना मंगलवार को नगर के अशोक कॉलोनी निवासी सुमित कुमार की ठाकुरद्वारा मंदिर के पास स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर हुई। सूत्रों के अनुसार, बुर्काधारी महिला एक युवक के साथ दुकान पर पहुंची। दोनों ने सोने की चेन खरीदने की इच्छा जताई और व्यापारी से कई तरह की चेन दिखाने को कहा। व्यापारी जैसे ही उन्हें चेन दिखा रहा था, तभी मौका देखकर दोनों ने करीब एक तोला वजन की, डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली और वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।
जब व्यापारी ने माल का मिलान किया तो एक चेन गायब मिली। शक होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों आरोपी स्पष्ट रूप से चेन चोरी करते हुए नजर आए। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों में खलबली मचा दी है।
घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस को दुकान मालिक द्वारा कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि उन्हें अभी तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
