बिहार में युवक की गोली मारकर हत्या, नदी किनारे मिला जलकुंभी में लिपटा शव
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ दो दिनों से लापता एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह उसका शव बोखरा थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव के पास सिंघाचौरी पंचायत के थरुहट मुशहरी टोल से पश्चिम घोंघारी घाट नदी किनारे जलकुंभी में लिपटा हुआ बरामद हुआ।
मृतक की पहचान बोखड़ा थाना क्षेत्र की बनौल पंचायत के छोटी धरमपुर गांव निवासी मोहम्मद इरशाद के पुत्र मोहम्मद जमालुद्दीन सिद्दीकी उर्फ मिस्टर (27) के रूप में हुई है। वह 25 नवंबर की शाम लगभग साढ़े छह बजे से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला तो उन्होंने बोखड़ा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने नदी किनारे जलकुंभी में शव को देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव की पहचान मिस्टर के रूप में हुई। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक की स्प्लेंडर बाइक भी घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर नदी के बीच जलकुंभी में डूबी हुई मिली।
सूत्रों के अनुसार, युवक को दो गोलियां मारी गई हैं। एक गोली सीने में और दूसरी गोली गर्दन में लगी है, जो हत्या की क्रूरता को दर्शाती है। घटना की सूचना मिलते ही बोखड़ा थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल, हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में बढ़ते अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
