0

बिहार में वंदे भारत पर पत्थरबाजी, सी2 कोच का शीशा टूटा

By Nov 22, 2025

बिहार में सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला बरौनी-कटिहार रेल खंड पर सामने आया है, जहां पटना से न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही गाड़ी संख्या 22234 वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए। इस घटना में ट्रेन के सी2 कोच के गेट का शीशा टूट गया।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब ट्रेन खगड़िया स्टेशन से रवाना होकर मानसी और महेशखुंट स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी ने ट्रेन पर पत्थर चला दिया, जो सीधे सी2 कोच के गेट से आ टकराया और शीशा चकनाचूर हो गया। घटना की सूचना तुरंत रेलवे कंट्रोल को दी गई।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) हरकत में आ गई। नवगछिया स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। आरपीएफ इंस्पेक्टर नवगछिया ने बताया कि घटना का घटनास्थल मानसी और महेशखुंट के बीच का है, इसलिए जांच इसी क्षेत्र की रेलवे पुलिस द्वारा की जाएगी।

मानसी आरपीएफ इंस्पेक्टर ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस पत्थरबाजी की घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन इस तरह की घटनाओं से यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल जरूर पैदा होता है। रेलवे प्रशासन ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कह रहा है।

यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत एक्सप्रेस को इस तरह के हमलों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों में इस ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें