बिग बॉस 19: फिनाले से पहले ‘पॉजिटिव ग्रुप’ में दरार, अशनूर-प्रणित ने गौरव के खिलाफ खोला मोर्चा
बिग बॉस 19 अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है और खेल का रोमांच अपने चरम पर है। जहां कुछ कंटेस्टेंट अपने असली रंग दिखा रहे हैं, वहीं कुछ अभी भी चतुराई से खेल रहे हैं। इस सीजन की शुरुआत से ही एक ग्रुप एकजुट होकर खेल रहा था, जिसमें गौरव खन्ना, अशनूर कौर, प्रणित मोरे, मृदुल तिवारी और अभिषेक बजाज शामिल थे। हालांकि, अभिषेक और मृदुल के शो से बाहर होने के बाद अब सिर्फ गौरव, अशनूर और प्रणित ही बचे हैं। जिस ‘पॉजिटिव ग्रुप’ को फैंस का समर्थन प्राप्त था, वह अब टूटता हुआ नजर आ रहा है।
हाल ही में हुए ‘टिकट टू फिनाले’ टास्क में गौरव खन्ना ने जीत हासिल कर सीजन के पहले फाइनलिस्ट बनकर अपनी जगह पक्की कर ली है। लेकिन, उनकी इस सफलता ने उनके ही ग्रुप के सदस्यों, अशनूर कौर और प्रणित मोरे को रास नहीं आई। जियो हॉटस्टार द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में अशनूर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि टास्क के दौरान सबकी सच्चाई सामने आ जाती है। गौरव द्वारा उन्हें बीच में टोकने पर कि ‘तुम मासूम नहीं हो’, प्रणित भी बीच में कूद पड़ते हैं और गौरव पर ‘सेफ प्ले’ करने और डरने का आरोप लगाते हैं। दोनों मिलकर गौरव से बहस करते हैं, जिसके बाद गौरव स्पष्ट रूप से कहते हैं कि वे दोनों उनके खिलाफ टीम बना रहे हैं।
इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘इन तीनों में से सिर्फ जीके (गौरव खन्ना) ही अच्छा है, ये जाजू (अशनूर) और प्रणित का कोई गेम ही नहीं है।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, ‘फरहाना जैसी कंपटीटर, प्रणित मोरे जैसे दोस्त से कहीं बेहतर है। उस वक्त फराहना कितनी नेगेटिव थी, जब वह प्रणित के साथ थी। यह सिर्फ रोस्ट करता है, दोस्ती में नहीं खड़ा होता है।’ पॉजिटिव ग्रुप का यह बिखराव फैंस के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है, जो अब फिनाले की ओर बढ़ रहे इस सीजन में आगे क्या होता है, यह देखने के लिए उत्सुक हैं।
