बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया की हालत गंभीर, पीएम मोदी ने जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, भारत की ओर से हरसंभव सहायता की पेशकश की है। खालिदा जिया, जो तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं, वर्तमान में ढाका के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली वेंटिलेटर पर रखा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, ‘बेगम खालिदा जिया के स्वास्थ्य के बारे में जानकर बहुत चिंतित हूं, जिन्होंने कई वर्षों तक बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।’
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष खालिदा जिया को 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के अनुसार, उन्हें सीने में गंभीर संक्रमण की शिकायत है, जिसका असर उनके हृदय और फेफड़ों पर पड़ रहा है। बीएनपी के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी स्थिति को ‘बहुत गंभीर’ बताया है। पार्टी के उपाध्यक्ष अहमद आजम खान ने कहा कि पूरा देश उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। बीएनपी के महासचिव मिर्जा फकरूल इस्लाम ने भी उनकी गंभीर अस्वस्थता की पुष्टि की और बताया कि स्थानीय तथा विदेशी विशेषज्ञों की एक टीम उनके उपचार में जुटी हुई है और वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
खालिदा जिया बांग्लादेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण हस्ती रही हैं। उनकी अस्वस्थता ने न केवल बांग्लादेश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी चिंता की लहर दौड़ा दी है। भारत की ओर से मिली यह सहायता द्विपक्षीय संबंधों में मानवीय पक्ष को उजागर करती है।
