सावधान! ई-पैन कार्ड डाउनलोड के नाम पर आ रहे फर्जी मेल, कहीं खाली न हो जाए आपका बैंक खाता
आयकर विभाग ने ई-पैन कार्ड डाउनलोड करने के लिए कहने वाले फर्जी ई-मेल के विरुद्ध अलर्ट जारी किया है। विभाग ने एक फैक्ट-चेक के माध्यम से लोगों को आगाह किया है कि वे ऐसे किसी भी ई-मेल पर भरोसा न करें। इन फर्जी ई-मेल में अक्सर ‘स्टेप-बाय-स्टेप गाइड’ दी जाती है, जिसमें ई-पैन कार्ड डाउनलोड करने के लिए एक लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है।
विभाग ने साफ किया है कि वह ई-मेल के जरिये विस्तृत व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी ऐसे ई-मेल, लिंक, कॉल या एसएमएस का जवाब न दें जिसमें उनसे वित्तीय एवं संवेदनशील जानकारी साझा करने को कहा गया हो। विभाग ने स्पष्ट किया कि वह कभी भी पिन नंबर, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड या बैंक खाते की जानकारी मांगने वाला ई-मेल नहीं भेजता है।
अगर आपको आयकर विभाग से अधिकृत होने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति से कोई ई-मेल मिलता है या आपको आयकर वेबसाइट पर ले जाने का प्रयास करता है, तो जवाब न दें और कोई भी अटैच अटैचमेंट न खोलें। इन अटैचमेंट में ऐसा कोड हो सकता है जो आपके कंप्यूटर को संक्रमित कर देगा। विभाग ने लोगों से एंटी-वायरस सॉफ्टवेयर, एंटी-स्पाइवेयर और फायरवॉल का इस्तेमाल करने और उन्हें अपडेट रखने की अपील की है ताकि वे साइबर हमलों से सुरक्षित रह सकें।
