एएमयू शिक्षक हत्या: हिस्ट्रीशीटर जुबैर और शूटर भाइयों की तलाश तेज, गांव में चस्पा हुआ NBW नोटिस
अलीगढ़ में एएमयू शिक्षक दानिश राव की हत्या के मामले में पुलिस हिस्ट्रीशीटर जुबैर और उसके शूटर भाइयों फहाद व यासिर की तलाश में जुटी हुई है। दिल्ली समेत कई जिलों में उनकी तलाश की जा रही है। इसी बीच पुलिस ने आरोपियों के पैतृक गांव बरला के नौशा में पहुंचकर गैर-जमानती वारंट (NBW) का नोटिस चस्पा किया है।
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि करीब आठ-नौ साल पहले हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद तीनों भाई गांव छोड़कर दिल्ली चले गए थे। शिक्षक दानिश राव की 24 दिसंबर की रात को एएमयू परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में सलमान नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
हत्या की साजिश कुख्यात अपराधी मुनीर गैंग के करीबी हिस्ट्रीशीटर जुबैर ने रची थी, जबकि उसके भाइयों फहाद और यासिर ने गोलियां चलाई थीं। अक्टूबर 2018 में हुए शाहबेज हत्याकांड में जुबैर को शिक्षक पर मुखबिरी का शक था। तीनों आरोपियों पर डीआईजी की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की तैयारी है।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और कई लोगों से पूछताछ की गई है। कुछ सुराग मिले हैं जिन पर काम चल रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं शूटर अपने पिता के संपर्क में तो नहीं हैं और उन्हें आर्थिक मदद तो नहीं पहुंचा रहे। इस मामले में पुलिस के साथ एसटीएफ और अन्य एजेंसियां भी जानकारी जुटा रही हैं।
