अमरोहा: संपत्ति के लालच में भाई ने बहन की हत्या की, रॉड से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट
अमरोहा में संपत्ति के विवाद में भाई ने बहन की हत्या कर दी। यह घटना देहात थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा अलियारपुर की है, जहां पिता की मौत के बाद भाई-बहन के बीच संपत्ति का विवाद शुरू हुआ। गुस्साए भाई ने सिर पर रॉड से हमला कर बहन की हत्या कर दी। मृतका मुरादाबाद के निजी अस्पताल में नर्स थी। घटना को अंजाम देकर आरोपित भाई पत्नी व बच्चों के साथ घर से फरार हो गया।
मृतका संयोगिता (30) अविवाहित थी और मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी। उसके पिता भगवान दास का डेढ़ महीना पहले निधन हुआ था। पिता के नाम लगभग 32 बीघा जमीन थी। पिता की मौत के बाद संयोगिता घर पर ही थी और संपत्ति में हिस्से की मांग कर रही थी, जिसका उसका इकलौता भाई श्यौराज सिंह विरोध कर रहा था।
सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे संयोगिता, श्यौराज और मां हुकम देवी घर पर थे। इसी दौरान दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया। कहासुनी के बीच मां हुकम देवी शौचालय जाने के लिए उठकर चली गईं। आरोप है कि श्यौराज ने लोहे की रॉड से संयोगिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देकर श्यौराज घर से फरार हो गया। मां हुकम देवी जब शौचालय से बाहर आईं तो उन्होंने खून से लथपथ बेटी का शव पड़ा देखा। चीख सुनकर गांव के लोग भी जमा हो गए। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने भी घटना स्थल का दौरा किया और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
