एक शर्त की वजह से बलि चढ़ा Amrita Singh और रवि शास्त्री का रिश्ता, 80 के दशक की लव स्टोरी का हुआ था दुखद अंत
पॉपुलर एक्ट्रेस अमृता सिंह का नाम 80 और 90 के दशक की उन अभिनेत्रियों में शुमार है जिनकी तगड़ी फैन फॉलोविंग थी। इंडस्ट्री से भी कई एक्टर्स उनके दीवाने हुआ करते थे। अमृता सिंह अपने जमाने की बोल्ड एक्ट्रेस थीं जो जिंदगी अपनी शर्तों पर जीती थीं। अमृता ने साल 1983 में सनी देओल के अपोजिट फिल्म बेताब से एक्टिंग डेब्यू किया था। इसके अलावा उन्होंने मर्द, साहेब, चमेली की शादी, नाम, खुदगर्ज, वारिस जैसी कई फिल्मों में काम किया।
एक सक्सेफुल करियर के अलावा अमृता सिंह अपने रिलेशनशिप को लेकर भी चर्चा में रहीं। उन्होंने कई पॉपुलर सेलेब्स को डेट किया और उनके रिश्ते की कभी हैप्पी एडिंग नहीं हुई। इनमें से एक थे रवि शास्त्री। एक्ट्रेस और क्रिकेटर्स का रिश्ता कोई नई बात नहीं है। 80 के दशक में अमृता सिंह और रवि शास्त्री का रिश्ता खूब चर्चा में था। अमृता को पहली नजर में देखकर रवि शास्त्री क्लीन बोल्ड हो गए थे।
न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, रवि शास्त्री और अमृता सिंह की पहली मुलाकात मुंबई के एक रेस्टोरेंट में हुई थी। एक इंटरव्यू में रवि शास्त्री ने स्वीकार किया था कि वो बेहद शर्मीले इंसान थे और अमृता से मिलते समय वो शुरू में 10 मिनट तक बात ही नहीं कर पाए। तब अमृता ने ही बात करना शुरू किया। दोनों ने सिने ब्लिट्ज़ पत्रिका के नवंबर 1986 के अंक में कवर पेज के लिए पोज भी दिया था, जिससे उनके अफेयर की अफवाहों को और हवा मिली। यह भी बताया गया कि दोनों लव बर्ड्स ने सगाई भी कर ली थी और बहुत जल्द शादी करने वाले थे।
हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रवि शास्त्री ने अमृता के सामने शादी के बाद एक्टिंग छोड़ने की शर्त रखी थी। अमृता सिंह ने इस शर्त को मानने से इनकार कर दिया, जिसके चलते दोनों का रिश्ता टूट गया और इस चर्चित लव स्टोरी का दुखद अंत हुआ।
