अभ्युदय योजना में फर्जीवाड़े का आरोप, अखिलेश ने कहा – ये PDA के बच्चों के साथ साजिश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभ्युदय योजना के तहत नियुक्तियों में कथित फर्जीवाड़े को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब योजना का बंटवारा ही सही ढंग से नहीं हुआ, तो फिर इसे घोटाला क्यों न कहा जाए। यादव के अनुसार, 69 में से 48 नियुक्तियां फर्जी पाई गई हैं, जिससे योजना का पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया है।
यह सिर्फ पैसों की वसूली का मामला नहीं है, बल्कि उन विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के भविष्य का सवाल है जो ऐसे फर्जी लोगों के भरोसे पढ़ाई कर रहे थे। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार को केवल पैसों से मतलब है, गरीब युवाओं के भविष्य की परवाह नहीं है।
उन्होंने मांग की कि इस घोटाले की जांच इस दृष्टिकोण से भी की जाए कि कहीं यह पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के बच्चों के खिलाफ कोई सोची-समझी साजिश तो नहीं है। कहीं ऐसा तो नहीं कि उन्हें दोयम दर्जे की कोचिंग दिलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा हो कि वे परीक्षाएं पास ही न कर पाएं और उन्हें नौकरी न देनी पड़े। यादव ने कहा कि भाजपा नौकरी न देने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, क्योंकि नौकरी देना उनके एजेंडे में है ही नहीं।
