अलीगढ़: पालीवाल इंटर कॉलेज के पास सीवर ओवरफ्लो, सड़क पर चलना हुआ मुश्किल (Aligarh news)
अलीगढ़ में सीवर और जलभराव की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। हाथरस अड्डे से अचलताल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले सात दिनों से सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है। पालीवाल इंटर कॉलेज के सामने की सड़क पर जलभराव के कारण छात्रों और स्थानीय निवासियों का आवागमन दूभर हो गया है।
इस मार्ग से रोजाना 20 से 25 हजार लोग गुजरते हैं। गंदे पानी की बदबू से आसपास के दुकानदारों का बैठना मुश्किल हो गया है। राहगीरों को कीचड़ पड़ने के कारण विवादों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलेज की छात्राओं को भी आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम जल निकासी की बेहतर व्यवस्था का दावा करता है, लेकिन यहां हालात बिल्कुल विपरीत हैं। हाथरस अड्डे और अचलताल के पास सीवर व नाला चोक होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में रोष है।
इस संबंध में जब जलकल विभाग के जीएम डॉ. पीके सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही टीम भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
