Aligarh news: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर दो MOIC का वेतन रोका, डीएम ने दिए निर्देश
अलीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी संजीव रंजन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में डीएम ने दो चिकित्सा अधीक्षकों (MOIC) का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जमीनी स्तर पर इसका असर दिखना चाहिए।
समीक्षा के दौरान मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में बीते वर्ष की तुलना में इनपेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) में 435, एक्स-रे में 977 और पैथोलॉजी सेवाओं में 6,065 की कमी पाई गई। डीएम ने इस गिरावट पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ को सेवा भाव से कार्य करना चाहिए ताकि आमजन को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा में भी लक्ष्य के मुकाबले कम प्रगति दर्ज होने पर डीएम ने असंतोष जताया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को भी प्राथमिकता देने और पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए गभाना, अकराबाद और इगलास सीएचसी से संविदा स्टाफ नर्स को जवां सीएचसी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, 31 दिसंबर से 9 माह से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए।
