अलीगढ़: बीएसएफ जवान के घर से लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
अलीगढ़ के जट्टारी कस्बे के मोहल्ला पांचविसा में बीती रात चोरों ने एक बीएसएफ जवान के खाली पड़े मकान से लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पांचविसा निवासी कल्लू सिंह बीएसएफ में तैनात हैं और उनका परिवार दूसरे मकान में सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से जवान के बंद मकान के ताले तोड़े और अंदर घुस गए। चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। सुबह जब कुछ लोगों ने घर का गेट खुला देखा तो उन्होंने परिवार को सूचित किया, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (क्षेत्राधिकारी) अभिषेक कुमार ने बताया कि बंद मकान से चोरी की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपनी ओर से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
