0

चीन सीमा के पास गरज उठा वायुसेना का C-295 विमान, उत्तरकाशी में लोगों ने छतों से देखा अद्भुत नजारा

By Dec 17, 2025

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में वायुसेना का C-295 विमान गरज उठा, जिसकी एक झलक पाने के लिए लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए। विमान की गर्जना से क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। भारतीय वायुसेना का सैन्य अभ्यास चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर जारी रहा। इस दौरान चिन्यालीसौड़ के आसमान में वायुसेना का परिवहन विमान सी-295 गरजा। विमान ने चार बार हवाई अड्डे के रनवे पर सफल लैंडिंग व टेक-आफ का अभ्यास किया।

चीन सीमा से लगा उत्तरकाशी जनपद स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा वायुसेना के लिए सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि वायुसेना इसे अपना एडवांस लैंडिंग ग्राउंड बनाने के लिए कवायद कर रही है। इसी क्रम में समय-समय पर वायुसेना की ओर से यहां अपने विमानों की लैंडिंग व टेक-आफ का अभ्यास किया जाता है। इसी क्रम में गत सोमवार को वायुसेना ने यहां अपने सैन्य परिवहन विमान सी-295 से अभ्यास शुरू किया है।

मंगलवार को भी करीब दो से तीन बजे के मध्य इस विमान ने हवाई अड्डे के रनवे पर करीब चार बार सफल लैंडिंग व टेक आफ का अभ्यास किया। इस दौरान हवाई अड्डे से लगे आवासीय घरों की छत पर लोग विमान को देखने के लिए आतुर नजर आये। वायुसेना का सैन्य परिवहन विमान सी-295 मल्टीपर्पज विमान है, जो कि सैनिकों, सामान और आपातकालीन राहत के लिए इस्तेमाल किया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह अभ्यास अगले कुछ और दिन जारी रहेगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें