आगरा मेट्रो: बिजलीघर से ISBT तक अगस्त में शुरू, जानें किराया और रूट
आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर में बिजलीघर चौराहा से आइएसबीटी स्टेशन तक का संचालन 15 अगस्त से पहले शुरू हो सकता है। इस 6 किलोमीटर लंबे ट्रैक में चार भूमिगत और एक एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
अप और डाउन लाइनों पर मेट्रो का तेजी से परीक्षण किया जा रहा है। पहले कॉरिडोर का यह विस्तार शहर के ताज पूर्वी गेट फतेहाबाद रोड से आइएसबीटी तक की यात्रा को सुगम बनाएगा, जिसमें केवल 24 मिनट लगेंगे। इस रूट पर आठ से दस मेट्रो का संचालन दो से तीन मिनट के अंतराल पर होगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे 12 से 15 तक बढ़ाया जा सकता है।
इस विस्तार से एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज (भूमिगत) और आईएसबीटी (एलिवेटेड) स्टेशन जुड़ जाएंगे। आईएसबीटी से सिकंदरा तिराहा तक दो और एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
हालांकि, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुल निर्माण के तीन पिलरों का कार्य ढाई सप्ताह से रुका हुआ है। नदी पर कुल आठ पिलर बन रहे हैं। जलस्तर कम होने के बाद यह कार्य फिर से शुरू होगा। पोइया घाट पर नमामि गंगे परियोजना के तहत बन रहे इंटकवेल का भी एक पिलर का कार्य रुका हुआ है।
