कानपुर देहात में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मानसिक बीमारी से थी परेशान
कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र के मंशापुरवा गांव में एक 22 वर्षीय युवती ने शनिवार रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की पहचान मुस्कान के रूप में हुई, जो करन सिंह नायक की तीसरी बेटी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुस्कान पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। परिवार के सदस्य उसका इलाज भी करा रहे थे, लेकिन शनिवार रात उसने अपने कमरे के अंदर छत के कुंडे से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में मातम छा गया। मुस्कान की मां उर्मिला और भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर अमराहट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, जिसमें मानसिक बीमारी को मुख्य कारण बताया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
