वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 40 हजार की ठगी, पंजाब से आरोपी गिरफ्तार
साइबर क्राइम पुलिस ने एक बार फिर वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिरसा निवासी एक व्यक्ति को घर बैठे मोटी कमाई का लालच देकर उससे 40 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के फाजिल्का से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित को 24 जुलाई, 2025 को एक संदिग्ध मैसेज प्राप्त हुआ था। इस मैसेज में एक कंपनी से जुड़कर वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। नौकरी और आकर्षक आय के लालच में आकर पीड़ित ने बताए गए लिंक पर क्लिक किया और मोबाइल फोन के जरिए 40 हजार रुपये का निवेश कर दिया। निवेश करते ही पीड़ित का मोबाइल पर आया लिंक ब्लॉक हो गया, जिसके बाद उसे अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण तकनीकी सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर से निर्मल सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
साइबर थाना प्रभारी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश संबंधी प्रस्तावों पर बिना पूरी जांच-पड़ताल के भरोसा करें। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर ठग विभिन्न प्रकार के लालच देकर लोगों को ठग रहे हैं, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। वर्क फ्रॉम होम, लॉटरी जीतने या कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने जैसे झूठे वादों से सावधान रहने की जरूरत है। इस तरह की ठगी से बचने के लिए अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें।
