मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले को रोका, बारासात में खड़ा हुआ हंगामा
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में मंगलवार शाम को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कोलकाता लौट रही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया। मुख्यमंत्री एसआईआर के खिलाफ बनगांव में एक रैली और पैदल मार्च में हिस्सा लेकर लौट रही थीं।
बारासात मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के बाहर एक मृतक के परिवार द्वारा अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान जब मुख्यमंत्री का काफिला जेस्सोर रोड से गुजर रहा था, तो प्रदर्शनकारियों ने उसे रोक दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
इस अप्रत्याशित घटना के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी गाड़ी से उतरकर प्रदर्शनकारियों और मृतक के परिवार से सीधे बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की तत्काल उचित जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सच साबित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी वादा किया।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने सड़क जाम हटा दिया, जिससे मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ सका। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।
