0

तालिबान की पाकिस्तान को चेतावनी: ‘सही समय पर मिलेगा जवाब’, नौ बच्चों की मौत

By Nov 25, 2025

अफगानिस्तान ने अपने पक्तिका, खोस्त और कुनार प्रांतों में पाकिस्तान द्वारा की गई हवाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने मंगलवार को कहा कि इन हमलों का जवाब ‘सही समय पर दिया जाएगा’ और अफगानिस्तान अपनी रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय नियमों और सिद्धांतों का उल्लंघन करार दिया है।

मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा, ‘पाकिस्तानी सेना द्वारा अफगानिस्तान के इलाके में एक और उल्लंघन का जवाब दिया गया। कल रात अफगानिस्तान के पक्तिका, खोस्त और कुनार प्रांतों में पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए एयरस्ट्राइक अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है। यह पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त नियमों और सिद्धांतों का साफ उल्लंघन है।’

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान की ये दुश्मन भरी कार्रवाइयां केवल यह साबित करती हैं कि गलत सूचना के आधार पर चलाए जा रहे ऑपरेशन तनाव बढ़ाते हैं और पाकिस्तान के सैन्य शासन की लगातार नाकामियों को उजागर करते हैं। इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान इस उल्लंघन और हमले की कड़ी निंदा करता है।

अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार रात को हुई इन बमबारी में नौ बच्चों की मौत हो गई। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, ‘कल रात करीब 12 बजे खोस्त प्रांत के मुगलगई इलाके में, पाकिस्तानी हमलावर सेना ने एक स्थानीय नागरिक, वलियत खान, काजी मीर के बेटे के घर पर बमबारी की। इस वजह से नौ बच्चे (पांच लड़के और चार लड़कियां) मारे गए।’

इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि एक महिला की भी मौत हुई और उसका घर तबाह हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि कुनार और पक्तिका में भी हवाई हमले हुए हैं, जिनमें चार आम नागरिक घायल हुए हैं। इन घटनाओं ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें