देवरिया में 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह बदमाश चेन स्नेचिंग समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित था। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यह इनामी बदमाश देवरिया क्षेत्र में सक्रिय है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जैसे ही बदमाश की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो बदमाश के दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान गोविन्द कुमार उर्फ केदार पुत्र रामआसरे उर्फ रामसरे के रूप में हुई है। यह भलुअनी थाना क्षेत्र के बरौली गांव का निवासी बताया जा रहा है। उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि उसके खिलाफ चेन स्नेचिंग सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के समय बदमाश के कब्जे से एक 303 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा, तलाशी के दौरान पुलिस को पीली धातु की एक चेन भी मिली, जिसकी कीमत लगभग 21,280 रुपये बताई जा रही है। साथ ही, एक सिल्वर रंग की हीरो स्पलेण्डर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने गोविन्द कुमार उर्फ केदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस मुठभेड़ को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, उप निरीक्षक आशीष राय, उप निरीक्षक वरुण सिंह और कांस्टेबल पवन यादव, उमाशंकर यादव, शैलेन्द्र कुमार, मनीष यादव, प्रदीप यादव, रमेश प्रजापति, पवन यादव शामिल थे। पुलिस इस गिरफ्तारी को जिले में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है।
