सांसद-विधायक के झगड़े में मंत्री की एंट्री, CM तक पहुंचा फतेहपुर सीकरी का राजनीतिक घमासान
आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच चल रहा आपसी टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू होने के बावजूद पार्टी के भीतर नेताओं के बीच मतभेद और खींचतान जारी है।
अब तक फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और बाह विधानसभा क्षेत्र से विधायक पक्षालिका सिंह के बीच जारी गतिरोध में अब प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की भी एंट्री हो गई है। रविवार को मंत्री उपाध्याय ने सिधावली के पास एक राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम में विधायक पक्षालिका सिंह भी मौजूद रहीं।
आयोजन के बाद सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजकर कार्यक्रम में उन्हें समय से आमंत्रित न किए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने पत्र में अधिकारियों द्वारा ऐसा किए जाने की शिकायत की है। यह घटनाक्रम सांसद और विधायक के बीच पहले से चल रहे तनाव को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में सांसद राजकुमार चाहर को पार्टी पदाधिकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा था। वहीं, बाह में विधायक पक्षालिका सिंह के साथ भी उनका तालमेल नहीं बैठ पाया था। चुनावी सभाओं में मंच पर दोनों की अनुपस्थिति को इसी अंदरूनी कलह का संकेत माना गया था।
चुनाव जीतने के बाद भी सांसद और विधायक के बीच तनातनी लगातार जारी है। विकास कार्यों, चाहे वे सड़क हों या पुल, दोनों नेता अपनी-अपनी उपलब्धियां बताते नजर आते हैं और एक-दूसरे को श्रेय देने से कतराते हैं। हाल ही में पिनाहट में दुकानों के किराए को लेकर व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के मामले में भी सांसद राजकुमार चाहर ने व्यापारियों की चौपाल लगाकर उनकी शिकायतें सुनी थीं। उस दौरान व्यापारियों ने विधायक पक्षालिका सिंह के समर्थकों पर भी आरोप लगाए थे।
रविवार को बाह-बटेश्वर मार्ग पर स्थित सिधावली गांव के पास राजकीय महाविद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विधायक पक्षालिका सिंह के साथ मिलकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सोमवार को सांसद राजकुमार चाहर ने इस शिलान्यास कार्यक्रम में समय पर आमंत्रण न मिलने पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा कि उनके संसदीय क्षेत्र के बाह विधानसभा क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के भूमि पूजन व शिलान्यास जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में उन्हें समय पर सूचित नहीं किया गया, जो कि संसदीय क्षेत्र के सांसद के प्रति उपेक्षा का भाव दर्शाता है।
पत्नी को साथ ले जाने पर पति पर हेलमेट से हमला, युवक गिरफ्तार
आगरा मेट्रो: दिसंबर से सड़कों पर जाम से मिलेगी राहत, हटेंगी बैरिकेडिंग
विश्व के मुख्य न्यायाधीशों ने की ताजमहल की भव्यता की सराहना
साहलगों की बहार: जाम और बसों की किल्लत से जूझते यात्री
डिलीवरी के दौरान विवाहिता की मौत, पुलिस ने चिता से निकलवाया शव
400 करोड़ का 14 किमी लंबा उत्तरी बाईपास जल्द खुलेगा, यातायात होगा सुगम
सर्वाधिक सड़क हादसों वाले 100 शहरों में आगरा जोन के पांच जिले शामिल
धर्मेंद्र के निधन से हिंदी सिनेमा में शोक की लहर, आगरा से जुड़ा खास किस्सा
