0

अमेठी में मतदाता सूची विशेष अभियान में बीएलओ की लापरवाही, मतदाता परेशान

By Nov 24, 2025

अमेठी जनपद में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान कर्मचारियों की लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। जहाँ एक ओर अधिकारी इस अभियान को गति देने के लिए प्रयासरत हैं, वहीं दूसरी ओर पंजीकरण में लगे बीएलओ (ब्लॉक लेवल ऑफिसर) अपनी जिम्मेदारियों से कतराते नजर आ रहे हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण धनेशा राजपूत ग्राम पंचायत के पूरे गोसाइन गांव में देखने को मिला, जहाँ सोमवार तक विशेष पुनरीक्षण अभियान के फॉर्म तक वितरित नहीं किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, इस गांव में नियुक्त बीएलओ साजिदा का एक महीने पूर्व निधन हो जाने के कारण यह पद रिक्त था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद, पूरे शुकुलन की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा को इस कार्य के लिए लगाया गया, परंतु उन्होंने अस्वस्थता का हवाला देते हुए मेडिकल अवकाश ले लिया। इसके बाद, पूरे झाऊ की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एकता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।

हालांकि, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एकता द्वारा फॉर्मों पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी से फोन पर शिकायत की, जिसके बाद जिम्मेदार अधिकारी हरकत में आए।

यह लापरवाही केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है। मवैया रबमत गढ़ के बूथ संख्या 64 पर नियुक्त बीएलओ पूनम ने अपना इलाज पर्चा दिखाकर कार्य से मुक्ति पा ली। उनके स्थान पर प्रतिमा आंगनबाड़ी को कार्यभार सौंपा गया, लेकिन वह भी मौखिक आदेशों के चलते काम करने से कतरा रही हैं। उन्हें न तो विशेष पुनरीक्षण अभियान पंजीकरण का कोई प्रशिक्षण दिया गया है और न ही लिखित आदेश प्राप्त हुए हैं।

विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत, बीएलओ को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित फॉर्म गांवों में वितरित कर उन्हें भरवाने होते हैं। लेकिन धनेशा राजपूत ग्राम पंचायत का पूरा गोसाइन गांव ब्लॉक के नजदीक होने के बावजूद, आज तक एसआईआर के फॉर्म वितरित नहीं हुए हैं, जिससे मतदाता परेशान हैं।

स्थानीय निवासी दिनेश द्विवेदी, जितेंद्र शुक्ल, उत्तम शुक्ल, भगवान गिरि, संजय गिरि, करुणा शंकर, इस्लाम आदि ने बताया कि उनके गांव में अभी तक कोई बीएलओ एसआईआर फॉर्म भरने के लिए नहीं आया है। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है और पात्र मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने या संशोधन कराने से वंचित रह सकते हैं।

इस मामले पर तहसीलदार मुसाफिरखाना, राहुल सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों से बात कर रिक्त स्थानों पर बीएलओ की नियुक्ति कराई जा रही है। खंड विकास अधिकारी अंजली सरोज ने कहा कि दोनों रिक्त बूथों पर पंचायत सहायकों की नियुक्ति कर एसआईआर का फार्म भरवाने के निर्देश दिए गए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

यूपी के स्कूलों में हर महीने होगा ‘बैगलेस डे’, छात्र सीखेंगे नई कलाएं

उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के परिषदीय स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और अनूठी पहल की शुरुआत की गई है। अब हर महीने का तीसरा शनिवार 'बैगलेस डे' के रूप में मनाया...
By Nov 24, 2025

साझा करें