धर्मेंद्र के निधन पर धनबाद को याद आई तोपचांची झील की वो रोमांचक छलांग
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है। 89 वर्ष की उम्र में सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर से धनबाद सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। धर्मेंद्र का धनबाद से गहरा नाता था, और यहाँ के लोग उन्हें सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर नहीं, बल्कि उस रोमांचक घटना के लिए भी याद करते हैं जिसने उन्हें शहर और तोपचांची झील से एक अनोखे बंधन में बांध दिया था।
यह किस्सा 1966 का है, जब धर्मेंद्र अपनी फिल्म ‘मोहब्बत जिंदगी है’ की शूटिंग के लिए धनबाद आए थे। फिल्म के निर्माता केसी गुलाटी और निर्देशक जगदीश नरूला थे, जबकि धर्मेंद्र के साथ उस दौर की मशहूर अभिनेत्री राजेश्वरी और हास्य कलाकार महमूद भी थे। शूटिंग के लिए जब दल तोपचांची झील पहुंचा, तो वहां की मनमोहक वादियों, नीली झील और आसपास की पहाड़ियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस खूबसूरत लोकेशन पर फिल्म के कई गाने फिल्माए गए। हावड़ा-दिल्ली एनएच-2 पर स्थित तोपचांची झील, धनबाद शहर से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर है।
शूटिंग की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी उत्साह था। हर दिन झील के किनारे धर्मेंद्र और राजेश्वरी की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जमा हो जाती थी। इसी दौरान, एक ऐसा वाकया हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया। कहा जाता है कि तोपचांची झील की खूबसूरती से अभिभूत होकर, धर्मेंद्र ने रोमानियत के जोश में सीधे झील में छलांग लगा दी। यह देखकर वहां मौजूद लोग, खासकर उनके प्रशंसक, कुछ पल के लिए घबरा गए। हालांकि, धर्मेंद्र मुस्कुराते हुए झील से बाहर आ गए, जिससे सबकी जान में जान आई। यह घटना आज भी धनबादवासियों की स्मृतियों में ताज़ा है और वे इसे गर्व से याद करते हैं।
फिल्म ‘मोहब्बत जिंदगी है’ का विषय मजदूरों के जीवन पर आधारित था, इसलिए शूटिंग सिर्फ तोपचांची झील तक ही सीमित नहीं रही। फिल्म की शूटिंग धनबाद की चांदमारी-9 नंबर खदान और लोदना की न्यू स्टैंडर्ड खदानों में भी हुई। उस दौर के गवाह बताते हैं कि कैमरों के बीच, कोयले की कालिमा में ढके असली मजदूरों के जीवन को पर्दे पर उतरते देखना लोगों के लिए एक रोमांचक अनुभव था। धर्मेंद्र की अभिनय क्षमता और उनके बेबाक अंदाज ने हमेशा दर्शकों का दिल जीता। उनकी यह खास याद धनबाद के लोगों के लिए हमेशा अनमोल रहेगी।
