0

गाजीपुर में जमीनी विवाद: किसान की पीट-पीटकर हत्या, गांव में मचा कोहराम

By Nov 24, 2025

गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक बार फिर खूनी खेल खेला गया है। धर्मागतपुर (पोपराहा) गांव में रविवार की सुबह उस समय मातम छा गया जब पुराने भूमि विवाद के चलते 65 वर्षीय किसान श्रीराम चौहान की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, मृतक श्रीराम चौहान और गांव के ही जवाहर चौहान परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। हाल ही में प्रशासन की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कर खूंटा भी लगाया गया था। इसी दौरान, रामधनी चौहान नामक व्यक्ति ने खूंटा गाड़ने का विरोध किया। परिजनों का आरोप है कि इसी विरोध के दौरान रामधनी चौहान और श्रीराम चौहान के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। धक्का-मुक्की के दौरान श्रीराम चौहान नीचे गिर पड़े और बेहोश हो गए।

आनन-फानन में परिवार के सदस्य घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से आहत परिवार ने शव को लेकर थाने का घेराव किया। मृतक के विकलांग पुत्र रंजीत चौहान ने गांव के ही रामधनी, सुधीराम चौहान, प्रमोद चौहान, जिबोध चौहान, संदीप, मुलायम और अनिल चौहान के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा, जिसके बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों के हिंसक परिणामों की ओर इशारा किया है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

गाजीपुर: गैस सिलेंडर बदलते समय आग, तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे

गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर (सिधारी) गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। राममिलन यादव के घर में गैस सिलेंडर बदलते समय आग लग गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप...
By Nov 24, 2025

साझा करें