गाजीपुर: गैस सिलेंडर बदलते समय आग, तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे
गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के मिर्जापुर (सिधारी) गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। राममिलन यादव के घर में गैस सिलेंडर बदलते समय आग लग गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सूत्रों के अनुसार, यह आग बगल में जल रहे चूल्हे की चिंगारी से भड़की, जिसने सिलेंडर के पास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटों में घिरने से सुनीता (45) पत्नी राममिलन, अनिल यादव के बेटे पीयूष यादव (16) और राममिलन यादव के बेटे रविकांत यादव (18) बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले जाया गया।
हालांकि, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
आग लगने से घर का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। दरवाजे के पास रखा धान का बोझ भी आग की चपेट में आ गया, जिससे सैकड़ों क्विंटल धान राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं ताकि आग लगने के असल कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
